पैमाइश न होने से परेशान महिला ने अमरण अनशन की दी चेतावनी
ललितपुर। सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम पुरा पाचौनी निवासी एक महिला ने अपनी भूमि की पैमाइश न होने और राजस्व विभाग पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर घंटाघर परिसर में परिवार सहित अमरण अनशन पर बैठने की चेतावनी दी है। ग्राम पुरा पाचौनी निवासी रामप्यारी पत्नी समुरिया ने जिलाधिकारी सत्य प्रकाश को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि वह पिछले करीब दो माह से अपनी भूमि की पैमाइश कराने के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया। उनका कहना है कि संबंधित लेखपाल द्वारा वास्तविक स्थिति की जांच किए बिना गलत रिपोर्ट लगाकर प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया जा रहा है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उनके किसी भी खसरा नंबर में आबादी दर्ज नहीं है, इसके बावजूद भूमि को आबादी दर्शाकर पैमाइश नहीं की जा रही है। महिला का यह भी आरोप है कि बिना धनराशि लिए भूमि की पैमाइश नहीं की जाती, जिसके कारण वह न्याय पाने से वंचित हैं।
रामप्यारी ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर किसी अन्य लेखपाल व राजस्व टीम से उनकी भूमि की पैमाइश कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र पैमाइश नहीं कराई गई तो वह अपने परिवार के साथ घंटाघर परिसर में शांतिपूर्ण अमरण अनशन पर बैठने के लिए बाध्य होंगी। साथ ही उन्होंने प्रशासन से अनशन के लिए अनुमति प्रदान करने की भी मांग की है।




