उत्तर प्रदेशक्राइमराजनीतिराज्य

आम के पेड़ के विवाद के बाद लापता वृद्ध का क्षत-विक्षत शव बरामद, पुत्र ने चार लोगों पर हत्या का लगाया आरोप

 

 

एसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग, पुलिस ने जांच कर उचित कार्रवाई का दिया आश्वासन

 

ललितपुर। थाना जाखलौन क्षेत्र के ग्राम नयागांव में एक वृद्ध का क्षत-विक्षत व सड़ा-गला शव पानी में मिलने के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक के पुत्र ने गांव के ही चार लोगों पर पिता के अपहरण के बाद हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

 

प्राप्त जानकारी अनुसार थाना जाखलौन क्षेत्र के ग्राम नयागांव निवासी वृद्ध धनीराम का शव मंगलवार को राजघाट बांध क्षेत्र के बरदेही के पास पानी में क्षत-विक्षत अवस्था में मिला था। शव की स्थिति अत्यंत खराब थी और उसके कुछ अंग कटे होने की बात भी सामने आई, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।

 

इधर मृतक के पुत्र अनिल झां ने पुलिस अधीक्षक मो. मुस्ताक को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि बीते 27 मई को उसके पिता धनीराम अपने कुएं वाले खेत पर आम के पेड़ों की रखवाली कर रहे थे। उसी दौरान गांव के चार लोग वहां पहुंचे और आम के पेड़ों को अपना बताते हुए रखवाली करने से मना करने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और कहा कि यदि आम तोड़े या पेड़ों की रखवाली की तो जान से मारकर फेंक देंगे।

 

शिकायत के अनुसार 31 मई की रात करीब नौ बजे जब अनिल अपने पिता को खाना देने खेत पर पहुंचा तो वे वहां नहीं मिले। काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चला। इसके बाद उसने एक जून को थाना पुलिस को सूचना दी। अनिल का आरोप है कि खोजबीन के दौरान उसने कन्छेदी के कुएं के पास आरोपितों को उसके पिता का मुंह बंद कर जबरन वाहन में ले जाते हुए देखा था, लेकिन रात अधिक होने के कारण तत्काल थाने नहीं पहुंच सका।

 

शिकायतकर्ता का कहना है कि दो जून को बरदेही क्षेत्र में मिले शव की पहचान उसके पिता धनीराम के रूप में हुई। उसने आरोप लगाया कि शव पर कई गंभीर चोटों के निशान थे और दोनों हाथों के पंजे कटे हुए थे। आरोप है कि चारों नामजद लोगों ने मिलकर उसके पिता की हत्या कर शव को पानी में फेंक दिया।

 

वहीं मामले में पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुस्ताक ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए जांच कर कानूनी कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। आम के पेड़ों को लेकर हुए विवाद, वृद्ध के लापता होने और बाद में शव मिलने की घटनाओं ने पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हुई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!