आम के पेड़ के विवाद में किसान की हत्या का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार
ललितपुर। थाना जाखलौन पुलिस ने किसान धनीराम झां हत्याकांड का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आम के पेड़ और भूमि विवाद को लेकर चली आ रही रंजिश के चलते आरोपियों ने धनीराम की हत्या कर शव को राजघाट बांध में फेंक दिया था, ताकि मामला दुर्घटना लगे। पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक के निर्देशन में गठित टीमों ने मुकदमा धारा 103(1), 61(2), 3(5) बीएनएस के तहत वांछित कलामुद्दीन, गफूर, वाहिद और कन्छेदी निवासी नयागांव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
गौरतलब है कि 31 मई को लापता हुए 70 वर्षीय धनीराम का शव 2 जून को ग्राम बरदेही के पास राजघाट बांध किनारे मिला था। घटना के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन भी किया था। पुलिस जांच और पूछताछ में सामने आया कि आम के पेड़ को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने साजिश रचकर धनीराम की हत्या कर दी थी।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना जाखलौन के प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह सहित पुलिस बल के अन्य अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।



