देवरान जैन मंदिर चोरी कांड का बार पुलिस ने किया खुलासा,मंदिर के माली सहित दो गिरफ्तार
थाना बार पुलिस ने देवरान स्थित जैन मंदिर में हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की धनराशि में से 4080 रुपये बरामद किए गए हैं।पुलिस अधीक्षक ललितपुर मो. मुश्ताक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह एवं क्षेत्राधिकारी तालबेहट आशीष मिश्र के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थाना बार में दर्ज मुकदमा संख्या 69/2026 धारा 305(डी)/317(2) बीएनएस के तहत वांछित चल रहे अभियुक्त शिवाजी राजा (28 वर्ष) पुत्र कृष्णपाल सिंह एवं गौरीशंकर (62 वर्ष) पुत्र रामचरण निवासी ग्राम देवरान को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा । वादी ने थाना बार में शिकायत दर्ज कराई थी कि देवरान स्थित जैन मंदिर से अज्ञात चोर मूर्तियां और दानपात्र में रखी नकदी चोरी कर ले गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन टीमों का गठन किया था। सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय सूचनाओं और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे शराब और जुए के आदी हैं तथा पैसों की कमी के कारण उन्होंने चोरी की योजना बनाई थी। आरोपियों को मंदिर के दानपात्र में धनराशि होने की जानकारी पहले से थी। पुलिस के अनुसार, गौरीशंकर मंदिर में माली का कार्य भी करता था। चोरी के दौरान उसे मंदिर के बाहर निगरानी के लिए खड़ा किया गया ताकि किसी को शक न हो सके। इसके बाद आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मंदिर से चोरी की वारदात को अंजाम दिया और धनराशि आपस में बांट ली।थाना बार प्रभारी निरीक्षक रमेशचंद्र मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4080 रुपये बरामद किए। पुलिस मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।



