मूक-बधिर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
तालबेहट में 15 वर्षीय किशोरी से की थी वारदात, भेजा जेल ललितपुर के तालबेहट थाना क्षेत्र में एक मूक-बधिर नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सोहित यादव को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है।
पीड़िता के पिता ने दी थी शिकायत
यह घटना 11 जुलाई की बताई जा रही है। पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उस दिन सुबह करीब 8 बजे वह अपनी पत्नी के साथ खेत पर काम करने गए थे। उनकी 15 वर्षीय बेटी, जो सुन और बोल नहीं सकती, घर पर अकेली थी।
परिजनों को देखकर आरोपी फरार
शिकायतकर्ता और उनकी पत्नी करीब 11 बजे खेत से लौटे तो बेटी घर पर नहीं मिली। तलाश करने पर दोपहर करीब 3 बजे बेटी गांव के रामनाथ प्रजापति के खाली पड़े मकान में अस्त-व्यस्त कपड़ों में मिली।
बेटी के पास ही गांव का सोहित यादव खड़ा था, जो परिजनों को देखकर भाग गया। इशारों में पूछने पर बेटी ने बताया कि सोहित यादव उसे वहां ले गया था और उसके साथ जबरन गलत काम किया। तालबेहट पुलिस ने किया गिरफ्तार
पीड़िता के पिता ने तालबेहट कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तालबेहट पुलिस ने किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया और आरोपी सोहित यादव को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले को लेकर तालबेहट के सीओ आशीष मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी सोहित यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।




