मूर्ति विसर्जन को लेकर ललितपुर में यातायात डायवर्जन
सुबह 7 से रात 10 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
दोपहर 3 बजे से आजाद चौक, लवकुश मंदिर और गोविंदनगर मार्ग पर भी लागू होंगे प्रतिबंध
यातायात पुलिस ने जारी किया रूट प्लान
ललितपुर। मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए यातायात पुलिस ने मंगलवार, 20 अक्टूबर को शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। जारी यातायात प्लान के अनुसार, सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश एवं निकास पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा मूर्ति विसर्जन के दौरान भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए विभिन्न मार्गों पर डायवर्जन लागू किया जाएगा। यातायात पुलिस के अनुसार, रामनगर की ओर से एलाइट चौराहे की तरफ आने वाले हल्के एवं मध्यम वाहन हाईवे से आर्यन इन होटल होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे। इसी प्रकार एलाइट चौराहे से हाईवे की ओर जाने वाले वाहनों को आर्यन इन होटल के रास्ते हाईवे पर भेजा जाएगा। वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। यातायात प्लान के तहत दोपहर 3 बजे से आजाद चौक से ललितेश्वरी देवी मंदिर एवं लवकुश मंदिर तक ऑटो, टैक्सी और ई-रिक्शा का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, गोविंदनगर से लवकुश मंदिर होते हुए आजाद चौक की ओर आने वाले वाहनों पर भी इसी समय से पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा। इसके अलावा दोपहर 3 बजे से धुरा बाजार की ओर से गोविंदनगर की तरफ किसी भी प्रकार का यातायात नहीं आने दिया जाएगा। इन मार्गों पर प्रतिबंध का उद्देश्य मूर्ति विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करना और आवागमन को सुचारु बनाए रखना है। मूर्ति विसर्जन के लिए निर्धारित रूट एलाइट चौराहे से बूढ़े बाबा मंदिर, रामनगर कट होते हुए बंधा पूंछा तक रहेगा। इसी मार्ग से विसर्जन संबंधी आवागमन संचालित किया जाएगा। यातायात पुलिस, जनपद ललितपुर ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे 20 अक्टूबर को निर्धारित यातायात प्लान का पालन करें, प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें तथा वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें, ताकि मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की यातायात समस्या उत्पन्न न हो।



