नरक चतुर्दशी और दीपावली पर शहर रोशनी से जगमग
जिले भर में नरक चतुर्दशी और दीपावली का महापर्व बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर और गांवों में त्योहारी माहौल देखने को मिला। घर-घर में साफ-सफाई, रंग-रोगन और सजावट का काम चलता रहा। महिलाओं ने आंगन में रंग-बिरंगी रंगोली बनाई, मुख्य द्वार पर आम के पत्तों का तोरण लगाया और घरों को झालरों व फूलों से सजाया।नरक चतुर्दशी पर हुआ अभ्यंग स्नान,नरक चतुर्दशी के दिन सुबह ब्रह्म मुहूर्त में लोगों ने तेल लगाकर अभ्यंग स्नान किया। मान्यता है कि इस दिन भगवान श्रीकृष्ण ने नरकासुर राक्षस का वध कर 16 हजार कन्याओं को उसके बंधन से मुक्त कराया था। इसी खुशी में नरक चतुर्दशी मनाई जाती है। इस दिन यमराज की पूजा का भी विशेष महत्व है। लोगों ने भगवान श्रीकृष्ण और यमदेव की पूजा कर अपने परिवार की सुख-शांति और लंबी उम्र की कामना की।
बाजारों में रही जबरदस्त रौनक
दीपावली को लेकर सुबह से ही बाजारों में भारी भीड़ रही। लोगों ने लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, दीये, मोमबत्ती, झालर, पूजा सामग्री, मिठाई, फल, कपड़े और बर्तनों की जमकर खरीदारी की।त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रमुख चौराहों और बाजारों में पुलिस बल तैनात रहा। दमकल विभाग की गाड़ियां भी अलर्ट पर रहीं।




