उत्तर प्रदेशक्राइमराजनीतिराज्य

बीमारी से विवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने ससुरालियों पर लगाए मारपीट के आरोप

 

 

ललितपुर। थाना बानपुर क्षेत्र के ग्राम वारओ निवासी 22 वर्षीय विवाहिता की रविवार सुबह बीमारी के चलते मायके में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

प्राप्त जानकारी अनुसार तमन्ना (22) की शादी करीब 18 माह पूर्व थाना बानपुर क्षेत्र के ग्राम वारओ निवासी रुस्तम के साथ हुई थी। बीते लगभग तीन माह से वह अपने मायके थाना बार क्षेत्र के ग्राम पाह में रह रही थी। परिजनों के अनुसार वह काफी समय से बीमार चल रही थी, जिसका उपचार पहले ललितपुर में और बाद में टीकमगढ़ में कराया गया था। रविवार सुबह उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने पर उसकी मौत हो गई।

 

मृतका के चाचा बलराम ने ससुराल पक्ष पर आरोप लगा कर बताया कि तमन्ना जब सात माह की गर्भवती थी, तब करीब तीन माह पूर्व ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की थी, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। आरोप है कि तमन्ना ने अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी थी, जिसके बाद पिता उसे ससुराल से मायके ले आए।

 

परिजनों के मुताबिक, इलाज के लिए पहले उसे टीकमगढ़ ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। झांसी में उसका गर्भपात हो गया। इसके बाद से वह मायके में रहकर उपचार करा रही थी। आरोप है कि इस दौरान पति सहित ससुराल पक्ष का कोई भी व्यक्ति उसे देखने तक नहीं आया।

 

मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष द्वारा उचित इलाज न कराने और मारपीट के कारण उसकी हालत बिगड़ी, जिससे अंततः उसकी मृत्यु हो गई।

 

थाना बानपुर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!