ललितपुर मुख्य सड़क पर मंगलवार देर रात चोरों ने दो दुकानों को बनाया निशाना
ललितपुर शहर के स्टेशन रोड से देवगढ़ जाने वाली मुख्य सड़क पर मंगलवार देर रात चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। बदमाशों ने दुकानों के शटर टेढ़े करने के लिए गेती का सहारा लिया और अंदर घुसकर नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार चोरों ने एक हार्डवेयर दुकान और एक कपड़े की दुकान को निशाना बनाया। सुबह जब दुकानदार रोज की तरह दुकान खोलने पहुंचे तो शटर टेढ़े और टूटे हुए देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और गल्ले में रखी हजारों रुपये की नकदी गायब मिली।
दुकानदारों ने बताया कि चोर बड़ी ही शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। दोनों दुकानें मेन रोड पर स्थित हैं, इसके बावजूद चोरी की घटना ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के व्यापारियों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। व्यापारियों ने जल्द खुलासे और रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है।



