ललितपुर में अघोषित बिजली कटौती से परेशान शहरवासी आधी रात को पहुंचे डीएम आवास
ललितपुर में अघोषित बिजली कटौती से परेशान शहरवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। लगातार हो रही भीषण विद्युत कटौती के विरोध में आक्रोशित लोगों ने डीएम आवास पर धरना दिया। बताया जा रहा है कि सदर विधायक द्वारा अधिकारियों के साथ बैठक कर विद्युत आपूर्ति सुचारू रखने के निर्देश दिए जाने के बावजूद रात में बिजली संकट बना रहा, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
करीब एक सैकड़ा से अधिक शहरवासी अपने बच्चों के साथ डीएम आवास पहुंचे और बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लगातार हो रही कटौती के चलते गर्मी में लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है और बच्चों व बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
करीब आधे घंटे तक डीएम आवास पर धरने के बाद कर्मचारियों द्वारा विद्युत आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद मोहल्लावासी वापस लौट गए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो स्थानीय लोगों ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है।




