6 दिन बाद लूट का खुलासा, बुजुर्ग से 27 हजार रुपये उड़ाने वाला आरोपी गिरफ्तार
6 दिन बाद लूट का खुलासा, बुजुर्ग से 27 हजार रुपये उड़ाने वाला आरोपी गिरफ्तार
जखौरा। थाना जखौरा क्षेत्र में 75 वर्षीय बुजुर्ग से नकदी पार करने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 6 दिन में खुलासा कर दिया। थाना प्रभारी राजीव कुमार बैस के नेतृत्व में चल रही जखौरा पुलिस टीम को इस मामले में बड़ी सफलता मिली है। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नकदी, पर्स और मोबाइल बरामद किया गया है।
बताया गया है कि 27 मई 2026 को नदी मुहल्ला, कस्बा जखौरा निवासी काशीराम लोधी ने थाना जखौरा में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक व्यक्ति उसे भट्ठा दिखाने का झांसा देकर मोटरसाइकिल पर अपने साथ ले गया। रास्ते में खेत दिखाने के बहाने उसे उतार दिया और बाद में बुजुर्ग को पता चला कि उसकी जेब से 27,060 रुपये गायब हैं। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ललितपुर के निर्देशन में आरोपी की तलाश के लिए कई पुलिस टीमों को लगाया गया था। थाना प्रभारी राजीव कुमार बैस के नेतृत्व में पुलिस लगातार सुरागरसी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किए हुए थी। जांच के दौरान आरोपी की पहचान राजेन्द्र उर्फ हल्के राजा पुत्र हीरा सिंह बुन्देला निवासी ग्राम मबई, थाना श्रीनगर, जनपद महोबा के रूप में हुई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अक्सर थाना जखौरा क्षेत्र के ग्राम चक ललौन में आता-जाता रहता था। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने निगरानी बढ़ाई और मुखबिर की सूचना पर चक ललौन कट से करीब 500 मीटर आगे तालबेहट रोड से देर रात आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से 15,570 रुपये नकद, एक पर्स और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी है और उसके विरुद्ध पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं।
घटना का सफल खुलासा होने पर क्षेत्रीय लोगों ने जखौरा पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




