उत्तर प्रदेशक्राइमराजनीतिराज्य

नया बस स्टैंड-अंबेडकर चौक मार्ग का होगा कायाकल्प, वर्षों की परेशानी से मिलेगी राहत

 

टीकमगढ़। शहर की सबसे व्यस्त और लंबे समय से जर्जर पड़ी अंबेडकर चौक से नया बस स्टैंड मार्ग की तस्वीर अब बदलने जा रही है। करीब दो वर्षों से गड्ढों, धूल और दुर्घटनाओं के लिए बदनाम इस सड़क के निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन कर शुभारंभ किया गया। ₹1 करोड़ 40 लाख की लागत से बनने वाली इस सड़क से हजारों नागरिकों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।

इस सड़क निर्माण के पीछे केंद्रीय मंत्री वीरेन्द्र कुमार खटीक की सक्रिय पहल को अहम माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व केंद्रीय मंत्री ई-रिक्शा से नया बस स्टैंड क्षेत्र से अपने निवास जा रहे थे। इस दौरान उन्होंने सड़क की खस्ताहाल स्थिति को नजदीक से देखा। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों और नागरिकों की परेशानी को देखकर उन्होंने तत्काल नगर पालिका अधिकारियों को फोन कर सड़क निर्माण के निर्देश दिए। मंत्री के निर्देश के बाद प्रशासनिक अमला सक्रिय हुआ और लंबे समय से लंबित पड़ी योजना को गति मिली।

 

गौरतलब है कि अंबेडकर चौक से नया बस स्टैंड तक का मार्ग शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल है। प्रतिदिन हजारों लोग इसी सड़क से आवागमन करते हैं। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण कई बार दुर्घटनाएं हुईं और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ मीडिया भी लगातार इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाता रहा।

करीब नौ माह पूर्व सड़क की बदहाली को लेकर भाजपा विधायक राकेश गिरी गोस्वामी ने गड्ढों में पौधे लगाकर विरोध प्रदर्शन किया था, जिसके बाद यह सड़क पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गई थी। अब भूमि पूजन के साथ सड़क निर्माण की औपचारिक शुरुआत हो चुकी है।

नगर पालिका के इंजीनियर दीपक विश्वकर्मा ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य ₹1.40 करोड़ की लागत से कराया जाएगा। सड़क बनने के बाद क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार आएगा और नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि केंद्रीय मंत्री वीरेन्द्र कुमार खटीक द्वारा स्वयं सड़क की स्थिति का संज्ञान लेकर त्वरित कार्रवाई कराए जाने से वर्षों पुरानी मांग पूरी होने का रास्ता साफ हुआ है। लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही यह मार्ग आधुनिक और बेहतर सड़क के रूप में नजर आएगा। आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय, डिप्टी कलेक्टर, नगर पालिका अध्यक्ष अंजली शर्मा, सीएमओ ओमपाल सिंह भदौरिया, पार्षद अभिषेक खरे,  पार्षद हबीब राइन, पार्षद पूनम, रजनी जायसवाल, पार्षद अनीस खान, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष, पार्षद रामकुमार यादव, पार्षद निकिता पंकज प्रजापति, पार्षद ध्रुव यादव, रेडक्रॉस अध्यक्ष महेश साहू, पार्षद राजीव जैन, पार्षद प्रतिनिधि जाहिद खान पार्षद रामकुमार यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!