ललितपुर में देर रात डीएम व एसपी ने जानी पुलिस भर्ती परीक्षा में आए अभ्यर्थियों की व्यवस्था, रैन बसेरों का किया निरीक्षण
ललितपुर। उत्तर प्रदेश नागरिक पुलिस आरक्षी व समकक्ष पदों की भर्ती-2025 की प्रवेश परीक्षा को सकुशल व पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। 8 से 10 जून तक आयोजित होने वाली तीन दिवसीय परीक्षा के लिए जिले में आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बाहरी जनपदों से आने वाले अभ्यर्थियों के ठहरने हेतु जिला प्रशासन ने निःशुल्क आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई है।जिलाधिकारी सत्य प्रकाश के निर्देश पर जिला शिक्षा व प्रशिक्षण संस्थान के सामने और सदर कोतवाली के सामने स्थित रैन बसेरों को अस्थायी आवास के रूप में तैयार किया गया है। नगर पालिका व डूडा द्वारा संचालित इन रैन बसेरों की जानकारी रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित सार्वजनिक स्थलों पर सूचना पटों के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है। रविवार रात जिलाधिकारी सत्य प्रकाश व पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक ने रैन बसेरों और रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डाइट के सामने स्थित रैन बसेरे में ठहरे अभ्यर्थियों से बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी ली गई। अभ्यर्थियों ने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। इसके बाद अधिकारियों ने सदर कोतवाली के सामने स्थित रैन बसेरे का निरीक्षण किया। यहां ठहरने और शयन की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। जिलाधिकारी ने अतिरिक्त सुविधा के लिए कूलर लगाने के निर्देश दिए। रेलवे स्टेशन पर भी अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और अभ्यर्थियों के मार्गदर्शन संबंधी इंतजामों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर मनीष कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर सुनील भारद्वाज, सदर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




