फसल नुकसान और कर्ज से परेशान किसान ने लगाई फांसी
ललितपुर। मड़ावरा थाना क्षेत्र के ग्राम गोरा कछया में मंगलवार को एक 40 वर्षीय किसान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। किसान का शव उसके खेत पर आम के पेड़ से तौलिया के फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी अनुसार, मड़ावरा थाना क्षेत्र के ग्राम निवासी लल्लू पुत्र रामदास दोपहर करीब 1:30 बजे घर से निकले थे। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने उनका शव खेत में पेड़ से लटका देखा और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक, लल्लू खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। इस वर्ष मूंग की फसल खराब होने से उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ था और उन पर बैंक का कर्ज भी था। परिजनों का कहना है कि आर्थिक तंगी और कर्ज के दबाव के चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।




