कुएं में नहाते समय 18 वर्षीय युवक की डूबने से मौत
ललितपुर जिले के तालबेहट कोतवाली क्षेत्र के बिजरौठा गांव के मजरा पठा में एक खेत पर स्थित कुएं में नहाते समय 18 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान नीरज पुत्र अशोक अहिरवार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, नीरज अपने दोस्तों के साथ कुएं में नहा रहा था। इसी दौरान वह डूबने लगा। दोस्तों ने जब उसे डूबते देखा तो तुरंत घर की ओर दौड़कर परिजनों को घटना की सूचना दी।
जब तक परिवारजन मौके पर पहुंचे, तब तक नीरज की डूबकर मौत हो चुकी थी। परिजन तुरंत नीरज को कुएं से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना बुधवार दोपहर के करीब 1:00 की बताई गई है।
तालबेहट कोतवाली प्रभारी अशोक वर्मा ने बताया कि अस्पताल से मेमो आया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल मामले की पूरी जानकारी नहीं है, जानकारी करके बताया जाएगा।
मृतक के पिता अशोक ने बताया कि उनके दो पुत्र हैं, जिनमें नीरज बड़ा था। इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है।




