जल अर्पण दिवस समारोह में शामिल होंगे जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, आज ललितपुर दौरा
ललितपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह शनिवार सुबह 10.30 बजे ललितपुर के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह जल जीवन मिशन के अंतर्गत आयोजित जल अर्पण दिवस समारोह व जल चौपाल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन विकासखंड तालबेहट के ग्राम टिडंरा में किया गया है, जहां जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण पेयजल योजना का निर्माण कराया गया है। मंत्री स्वतंत्र देव सिंह इस योजना का लोकार्पण कर ग्रामीणों को समर्पित करेंगे और कार्यक्रम से पूर्व पेयजल योजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों और व्यवस्थाओं का जायजा भी लेंगे।
समारोह में नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण, स्वच्छ पेयजल उपलब्धता और जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की जाएगी। साथ ही ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनने व योजनाओं के संचालन की जानकारी भी प्राप्त की जाएगी। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।




