तेज रफ्तार बाइक ब्रेकर पर असंतुलित होकर करीब 100 फीट तक घिसटती चली गई, जबकि चालक 80 फीट पहले ही उछलकर दूर जा गिरा
शनिवार रात एक सड़क दुर्घटना में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार बाइक ब्रेकर पर असंतुलित होकर करीब 100 फीट तक घिसटती चली गई, जबकि चालक 80 फीट पहले ही उछलकर दूर जा गिरा।
जानकारी के अनुसार, मड़ावरा थाना क्षेत्र के ग्राम पिसनारी निवासी दीपचंद (21) पुत्र लक्ष्मण अहिरवार किसी काम से ललितपुर गया था। रात करीब 9 बजे वह अपनी नई बाइक से घर लौट रहा था। गिरार तिराहे के पास बने ब्रेकर पर उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया।
संतुलन बिगड़ने के बाद बाइक सीधे सड़क पर घिसटती हुई करीब 100 फीट दूर जाकर रुकी। इस दौरान दीपचंद बाइक से छिटककर करीब 80 फीट पहले ही दूर जा गिरा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायल दीपचंद को उठाया। उसे 108 एम्बुलेंस की मदद से मड़ावरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उसका इलाज किया जा रहा है।




