पोस्ट ऑफिस ट्रांसफार्मर में लगी भीषण आग, टला बड़ा हादसा
टीकमगढ़।
शहर के पोस्ट ऑफिस के सामने सोमवार देर शाम ट्रांसफार्मर बॉक्स में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की तेज लपटें उठते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी फैल गई। सूचना मिलते ही बिजली विभाग और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सहायक अभियंता नितिन बॉथम स्वयं मौके पर पहुंचे और राहत कार्य की कमान संभाली। सुरक्षा के मद्देनजर तत्काल बिजली सप्लाई बंद कर आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
नितिन बॉथम ने बताया कि क्षेत्र में बढ़ते लोड को देखते हुए पहले ही अतिरिक्त 100 केवीए ट्रांसफार्मर लगाया गया था। अब उपभोक्ताओं के विद्युत भार की जांच भी कराई जाएगी।
घटना के दौरान सहायक अभियंता नितिन बॉथम देर रात करीब 1 बजे तक मौके पर डटे रहे और पूरी मरम्मत एवं राहत व्यवस्था की निगरानी करते रहे। लोगों ने बिजली विभाग और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।




