उत्तर प्रदेशक्राइमराजनीतिराज्य

अवैध शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर मोहल्लावासियों का प्रदर्शन

 

डीएम कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

राजघाट रोड हर्दिला में नियमों को ताक पर रखकर दुकान खोलने का आरोप

महिलाओं ने जताई सुरक्षा की चिंता

ललितपुर। शहर के राजघाट रोड स्थित हर्दिला क्षेत्र में खोली गई कथित अवैध शराब की दुकान के विरोध में मंगलवार को मोहल्लेवासियों ने एक बार फिर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपकर दुकान हटाने की मांग की। भारी संख्या में पहुंचे महिलाओं और पुरुषों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि बार-बार शिकायतों के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में मोहल्लेवासियों ने एडीएम ललितपुर को ज्ञापन सौंपा। एडीएम ने लोगों को आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर जल्द उचित कार्रवाई कराई जाएगी। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इससे पूर्व 19 मई 2026 को भी जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया गया था, जिस पर जिलाधिकारी ने आबकारी विभाग के अधिकारियों को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उस समय आबकारी विभाग द्वारा दो दिन में दुकान हटाने और प्रस्तावित स्थान पिसनारी बाग में शिफ्ट कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक दुकान नहीं हटाई गई। मोहल्लेवासियों ने आरोप लगाया कि शराब की दुकान को नियमों की अनदेखी करते हुए घनी आबादी के बीच खोल दिया गया है। उन्होंने ज्ञापन में बताया कि दुकान से महज 20-30 कदम की दूरी पर माता मंदिर स्थित है, जहां प्रतिदिन महिलाएं और बच्चे पूजा-अर्चना के लिए आते हैं। दुकान के आसपास चार शादी घर भी हैं, जहां हमेशा लोगों की भीड़ बनी रहती है।

लोगों ने यह भी बताया कि दुकान के सामने महिला शिक्षकों का टैक्सी स्टैंड है, जहां महिलाएं वाहन का इंतजार करती हैं। साथ ही मोहल्ले के बच्चे भी स्कूल बस और टैक्सी के लिए उसी स्थान पर खड़े होते हैं। ऐसे में शराब दुकान के कारण महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में कोई अप्रिय घटना होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी आबकारी विभाग और प्रशासन की होगी। उन्होंने प्रशासन से शराब दुकान खोलने के मानकों की निष्पक्ष जांच कराने तथा दुकान को तत्काल हटाने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में ममता, रजनी, निराशा, मनोरमा, अनीता, विनीता, उर्मिला, उमा, कृष्णा, कंचन, मंजूषा, रश्मि, सुषमा, गरिमा, सुनीता, उमा देवी, मुकेश कुमार, प्रशांत, ब्रजेश कुमार, संजीव, अनिल कुमार, विवेक, धर्मेंद्र कुशवाहा, मूलचंद्र, जयहिंद राजपूत, गणेशपाल, पप्पू, दिवाकर, सचिन कुमार, भूपेंद्र सिंह, अमित कुमार, गोल्डी सहित बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!