युवक ने लगाए पुलिस पर मारपीट के आरोप, युवक की तबीयत बिगड़ी
ललितपुर में एक युवक को पुलिसकर्मियों मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित का दावा है कि मारपीट के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके चलते उसे जिला अस्पताल ललितपुर रेफर किया गया है। उसने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बिरधा निवासी रिजवान ने चौकी इंचार्ज और अन्य पुलिसकर्मियों पर कथित रूप से मारपीट करने का आरोप लगाया है। रिजवान के अनुसार, इस घटना के बाद उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरधा ले जाया गया, जहां से उसे ललितपुर के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
रिजवान ने अपने शिकायती पत्र में पुलिसकर्मियों पर अभद्रता और मारपीट का आरोप लगाया है। उसने दावा किया है कि उसके पास घटना से संबंधित मेडिकल दस्तावेज और अन्य साक्ष्य मौजूद हैं। अस्पताल के दस्तावेजों में भी उसके चिकित्सकीय परीक्षण और रेफर किए जाने का उल्लेख है।
पीड़ित रिजवान और उसके परिवार ने इस संबंध में कोतवाल को एक प्रार्थना पत्र सौंपा है। थाना प्रभारी (SHO) नरेंद्र सिंह ने बताया है कि मामले की जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। रिजवान वर्तमान में जिला अस्पताल में भर्ती है।
इस घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है ताकि सच्चाई सामने आ सके। हालांकि, चौकी इंचार्ज और संबंधित पुलिसकर्मियों का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका था। पुलिस का पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा। पुलिस ने मारा है रिजवान को




