उत्तर प्रदेशक्राइमराजनीतिराज्य

पानी में क्षत-विक्षत हालत में मिला वृद्ध का शव, हत्या या हादसा जांच का विषय

 

तीन दिन पूर्व हुए विवाद की चर्चा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा मौत के कारणों का खुलासा

ललितपुर। थाना जाखलौन क्षेत्र के ग्राम नया गांव में एक वृद्ध का क्षत-विक्षत व सड़ा-गला शव पानी में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव की स्थिति इतनी खराब थी कि उसके कुछ अंग भी गायब बताए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों के बीच हत्या की आशंका को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

प्राप्त जानकारी अनुसार ग्रामीणों ने पानी में एक अज्ञात वृद्ध का शव पड़ा देखा, जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही जाखलौन थाना पुलिस व क्षेत्राधिकारी सदर सुनील भारद्वाज मौके पर पहुंचे। घटनास्थल तक पहुंचने के लिए पुलिस को ट्रैक्टर का सहारा लेना पड़ा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मृतक की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

ग्रामीणों के अनुसार तीन दिन पूर्व आम तोड़ने को लेकर एक वृद्ध का विवाद होने की चर्चा भी सामने आ रही है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है।

क्षेत्राधिकारी सदर सुनील भारद्वाज ने बताया कि पानी में एक सड़ा-गला शव मिला है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और शिनाख्त की कार्रवाई की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला पानी में डूबने से मृत्यु का प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वृद्ध की मौत दुर्घटनावश डूबने से हुई है, आत्महत्या का मामला है या किसी आपराधिक घटना का परिणाम। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!