उत्तर प्रदेशक्राइमराजनीतिराज्य

बीड़ी के लिए पैसे न देने पर सफाईकर्मियों पर हमला, एक घायल

 

ललितपुर। मड़ावरा थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरा खुर्द में फैमिली आईडी बनाने के कार्य में लगे सफाईकर्मियों की टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बीड़ी के लिए पैसे न देने पर दो लोगों ने पत्थर मारकर एक सफाईकर्मी को घायल कर दिया। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

 

प्राप्त जानकारी अनुसार मंगलवार को महरौनी ब्लॉक के सफाईकर्मी हाकिम सिंह, लल्लूराम, सुरेश कुमार, अरविंद और तेजराम ग्राम डोंगरा खुर्द में फैमिली आईडी बनाने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान गांव का एक व्यक्ति उनके पास पहुंचा और बीड़ी मांगी। सफाईकर्मियों द्वारा बीड़ी न होने की बात कहने पर उसने पैसों की मांग की।

आरोप है कि पैसे देने से इनकार करने पर वह व्यक्ति कुछ देर बाद एक अन्य व्यक्ति के साथ वापस आया और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में हाकिम सिंह की पीठ पर पत्थर लगने से वह घायल हो गए। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद सफाईकर्मियों की टीम मड़ावरा थाने पहुंची और आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घायल सफाईकर्मी का चिकित्सकीय परीक्षण कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!