ढाई साल पहले हुई मारपीट में घायल व्यक्ति की मौत, पत्नी ने दर्ज कराई शिकायत
ललितपुर। तालबेहट कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खांदी मजरा गनेशपुरा निवासी एक व्यक्ति की बुधवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पत्नी जसोदा ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि वर्ष 2023 में हुई मारपीट में आई गंभीर चोटों के कारण उसके पति की मौत हुई है।
पीड़िता के अनुसार 16 अक्टूबर 2023 को गांव के 11 लोगों ने उसके पति रमेश के साथ लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से मारपीट की थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। तब से उनका उपचार चल रहा था। बुधवार रात उनकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पत्नी ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




