आंधी बारिश में दुकान पर शीशम का पेड़ गिरा
संचालक ने भागकर बचाया जान, टीन तेज हवा में उड़ी ललितपुर जिले के राजघाट क्षेत्र में गुरुवार दोपहर अचानक मौसम बिगड़ने से तेज आंधी और बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर ग्राम राजघाट में दोपहर करीब तीन बजे चली तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर नुकसान हुआ।आंधी-तूफान के दौरान कई पेड़ उखड़कर गिर गए, जबकि एक मकान की छत पर लगी टीन टप्पर तेज हवा में उड़ गई। तेज हवाओं के चलते इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।इसी दौरान एक विशाल शीशम का पेड़ उखड़कर सैलून के खोखे पर गिर पड़ा। गनीमत रही कि खोखे का संचालक समय रहते बाहर निकल गया, जिससे उसकी जान बच गई। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
आंधी और बारिश के कारण क्षेत्र में कुछ समय के लिए जनजीवन प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने बताया कि तेज हवाओं की वजह से कई जगह टीनशेड और अस्थायी ढांचे भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।




