शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता : सत्य प्रकाश
। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें निर्वाचन से संबंधित जिम्मेदारियों, चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों, आदर्श आचार संहिता के अनुपालन और मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्नातक निर्वाचन की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी अधिकारियों को प्रत्येक स्तर पर सतर्कता बरतनी होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में सक्रिय रहकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




