पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला,भोपाल में इलाज के दौरान मौत
चार लोगों पर हत्या का आरोप, शव लेकर थाने पहुंचे परिजन
मड़ावरा (ललितपुर)। ललितपुर जनपद के मड़ावरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोराकलां में पुरानी रंजिश को लेकर हुए खूनी विवाद में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो जाने से गांव में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश व्याप्त है। परिजनों ने गांव के ही चार लोगों पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर हत्या करने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस को नामजद तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
जानकारी के अनुसार ग्राम गोराकलां निवासी बलवंत सिंह पुत्र जोधन सिंह ने थाना मड़ावरा पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनका पुत्र रामश्याम 2 मार्च 2026 की शाम लगभग 7:30 बजे टैक्सी से डीजे साउंड सिस्टम का सामान लेकर जा रहा था। बताया गया कि इसी दौरान गांव के ही रामपाल पुत्र सरदार सिंह, जितेन्द्र पुत्र रामपाल, छोटू पुत्र रामपाल तथा रच्चन पुत्र हाकिम मौके पर पहुंच गए।
परिजनों के अनुसार पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि चारों आरोपियों ने रामश्याम को घेर लिया और लाठी-डंडों तथा धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग एकत्र हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल रामश्याम को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ावरा लेकर गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी हालत में सुधार न होने पर परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए भोपाल ले गए।
बताया गया कि भोपाल में कई दिनों तक युवक का इलाज चलता रहा, लेकिन गंभीर चोटों के कारण आखिरकार उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम का माहौल बन गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के परिजन शव को लेकर थाना मड़ावरा पहुंचे, जहां पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। मृतक के पिता बलवंत सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस सतर्क बनी हुई है।




