ललितपुर में फर्जी डॉक्टर बनकर नौकरी करने वाली 25 हजार की इनामिया महिला गिरफ्तार
ललितपुर। जनपद में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर डॉक्टर बनकर नौकरी करने और मरीजों के जीवन से खिलवाड़ करने के चर्चित मामले में कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 25 हजार रुपये की इनामिया वांछित अभियुक्ता लवीना सिंह उर्फ दीपाली गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मो0 मुश्ताक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह एवं क्षेत्राधिकारी सदर सुनील कुमार भारद्वाज के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली ललितपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 1422/2025 के तहत अभियुक्ता लवीना सिंह उर्फ दीपाली गुप्ता पत्नी अभिनव सिंह निवासी तालाबपुरा, ललितपुर को गिरफ्तार किया गया। उस पर आरोप है कि उसने अपने पति के साथ मिलकर रिश्तेदारों की मेडिकल डिग्रियों और शैक्षणिक दस्तावेजों में कूटरचना कर फर्जी तरीके से डॉक्टर की नौकरी हासिल की और वर्षों तक विभिन्न अस्पतालों में कार्य कर आर्थिक लाभ अर्जित किया।
मामले की शिकायत उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामनरेश सोनी द्वारा की गई थी। जांच में सामने आया कि अभियुक्तों ने अमेरिका में रहने वाले रिश्तेदार डॉक्टरों की एमबीबीएस और एमडी की डिग्रियों का दुरुपयोग करते हुए नकली दस्तावेज तैयार किए। इन्हीं कूटरचित प्रपत्रों के आधार पर उन्होंने कई अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सक के पद पर नौकरी प्राप्त की।
पुलिस के मुताबिक अभियुक्ता ने पूछताछ में स्वीकार किया कि आर्थिक तंगी और पति पर दर्ज भ्रष्टाचार के मुकदमे के बाद दोनों ने मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और फरीदाबाद, बीना तथा ललितपुर समेत कई स्थानों पर डॉक्टर बनकर कार्य किया। इस दौरान उन्होंने बड़ी धनराशि अर्जित कर जमीन, मकान और लग्जरी वाहन खरीदे।
इस प्रकरण में अभियुक्त अभिनव सिंह को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब फरार चल रही अभियुक्ता लवीना सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी एवं निरीक्षक नरेन्द्र सिंह सहित कोतवाली पुलिस टीम शामिल रही।




