लंबे समय से अनुपस्थित दो चकबंदी लेखपाल निलंबित
चकबंदी विभाग में बड़ी कार्रवाई
लंबे समय से अनुपस्थित दो चकबंदी लेखपाल निलंबित
बंदोबस्त अधिकारी राकेश कुमार ने शुरू कराई विभागीय जांच
ललितपुर। चकबंदी विभाग में अनुशासनहीनता एवं शासकीय कार्यों में लापरवाही पर बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी राकेश कुमार सिंह ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे दो चकबंदी लेखपालों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों प्रकरणों में विभागीय जांच भी प्रारंभ कर दी गई है। बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी राकुश कुमार सिंह ने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शासकीय कार्यों में लापरवाही, आदेशों की अवहेलना एवं अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। जनहित प्रभावित करने वाले मामलों में विभाग द्वारा लगातार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि चकबंदी लेखपाल शाहनवाज खान को पूर्व में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में संबद्ध किया गया था, लेकिन उन्होंने निर्धारित आदेशों का पालन नहीं किया और बिना अनुमति लंबे समय तक अनुपस्थित रहे। विभागीय जांच के दौरान भी उनके द्वारा आरोपों का कोई संतोषजनक उत्तर प्रस्तुत नहीं किया गया तथा जांच में सहयोग नहीं किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर सहायक चकबंदी अधिकारी क्षेत्र मसौराखुर्द से संबद्ध कर दिया गया है। इसी क्रम में चकबंदी लेखपाल सपना गुप्ता के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है। जानकारी के अनुसार श्रीमती सपना गुप्ता द्वारा विभिन्न अवधियों में शिशु देखभाल अवकाश एवं अवैतनिक अवकाश के लिए प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए थे, लेकिन इसके बाद भी वह 17 फरवरी 2024 से लगातार लंबे समय तक अनुपस्थित रहीं। कार्यालय द्वारा उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, किन्तु उनके द्वारा कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। इस संबंध में पूर्व में चकबंदी आयुक्त उत्तर प्रदेश, लखनऊ को भी आवश्यक पत्राचार किया गया था। प्रकरण को गंभीर मानते हुए बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी राकेश कुमार सिंह ने श्रीमती सपना गुप्ता को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया तथा निलंबन अवधि में उन्हें सहायक चकबंदी अधिकारी क्षेत्र रजवारा से संबद्ध किया गया है। दोनों मामलों में विभागीय कार्यवाही शुरू कर दी गई है। जांच को निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने के लिए संबंधित चकबंदी अधिकारियों को जांच अधिकारी नामित किया गया है। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि आरोप पत्र जारी कर निर्धारित समय सीमा के भीतर जांच आख्या प्रस्तुत की जाए। बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि चकबंदी विभाग में कार्य संस्कृति को मजबूत करने, जनहित के कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने तथा शासन की प्राथमिकताओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए अनुशासनहीन अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध आगे भी कठोर प्रशासनिक कार्रवाई जारी रहेगी।




