उत्तर प्रदेशक्राइमराजनीतिराज्य

गांजा तस्कर गिरफ्तार, 460 ग्राम अवैध गांजा बरामद

 

गिन्नौट बाग में पुडिय़ा बेचने की फिराक में खड़ा था आरोपी

पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

ललितपुर। कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए गिन्नौट बाग इलाके से एक शातिर गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 460 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। 23 मई 2026 की शाम करीब 5.50 बजे नेहरू नगर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अंकित कौशिक, आरक्षी करण प्रताप सिंह, आरक्षी योगेंद्र कुमार तथा सदर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रशांत राणा मय हमराह आरक्षी सूरज कुमार के साथ वर्णी चौराहे पर मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सदनशाह स्थित सरताज कबाड़ी की दुकान के पीछे गिन्नौट बाग में एक व्यक्ति अवैध गांजा बेचने की फिराक में खड़ा है। मुखबिर ने बताया कि संदिग्ध व्यक्ति गुलाबी शर्ट पहने हुए है, चश्मा लगाए है और गले में भगवा गमछा डाले हुए अपनी जेबों तथा शर्ट के भीतर गांजे की पुडय़िा छिपाकर ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई। चौकी प्रभारी ने तत्काल मामले की जानकारी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी और क्षेत्राधिकारी सदर सुनील कुमार को दी। अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर बताए गए स्थान पर दबिश दी गई। मौके पर पुलिस को मुखबिर के बताए हुलिए का व्यक्ति दिखाई दिया, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम थाना जखौरा के ग्राम बांसी निवासी बृजेश कुमार कड़ेरे उर्फ बल्लू पुत्र हरगोविन्द बताया। एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 के प्रावधानों का पालन करते हुए आरोपी की सहमति पर क्षेत्राधिकारी सदर सुनील कुमार को मौके पर बुलाया गया। सीओ सदर की मौजूदगी में जब आरोपी की तलाशी ली गई तो उसकी पैंट और शर्ट से कुल 460 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद गांजे को सील कर कब्जे में ले लिया। कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) 1985 की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!