पीताम्बरा टुडे की ख़बर के बाद, बयाना नाला किनारे जुआ खेलते दो गिरफ्तार, पांच आरोपी फरार
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन
बयाना नाला किनारे जुआ खेलते दो गिरफ्तार, पांच आरोपी फरार
ललितपुर। सोशल मीडिया पर जुआ खेलने का वीडियो वायरल होने के बाद कोतवाली पुलिस हरकत में आ गई। सिविल लाइंस चौकी पुलिस ने बयाना नाला किनारे सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे लोगों के खिलाफ छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि पांच अन्य आरोपी अंधेरे और भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से नकदी, ताश के पत्ते और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। घटना 23 मई 2026 की शाम करीब 7.15 बजे की है। जानकारी के अनुसार सिविल लाइंस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अनिल कुमार क्षेत्र में शांति व्यवस्था की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सोशल मीडिया पर जुआ खेलने का वीडियो वायरल होने की सूचना मिली। साथ ही मुखबिर खास से जानकारी मिली कि बयाना नाला के किनारे खाली पड़ी जमीन पर कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर सार्वजनिक रूप से जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी ने प्रभारी निरीक्षक को अवगत कराया और कांस्टेबल राहुल कुमार व कांस्टेबल अंकित कुमार के साथ मौके पर दबिश दी। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की तो वहां भगदड़ मच गई। पुलिस ने मौके से दो जुआरियों को पकड़ लिया, जबकि पांच अन्य आरोपी नाले और आसपास की भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में अपने नाम झांसीपुरा निवासी योगेश पुत्र इंद्र प्रकाश और घुसयाना निवासी बृजेन्द्र पुत्र भागीरथ बताए। तलाशी के दौरान योगेश के पास से 200 रुपये नकद और लावा कंपनी का मोबाइल फोन तथा बृजेन्द्र के पास से 300 रुपये नकद और ओप्पो कंपनी का मोबाइल बरामद हुआ। इसके अलावा पुलिस ने जुआ फड़ से 1 हजार रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर फरार साथियों की पहचान गजेन्द्र पुत्र भागीरथ, मनीष पहलवान पुत्र राजू ग्वाला, राकेश रैकवार, गजेन्द्र तथा छोटू रैकवार पुत्र सुरेंद्र रैकवार निवासी घुसयाना के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद सामान को सील कर सुरक्षित कब्जे में ले लिया है। आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम 1867 की धारा 13 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक इंद्रपाल सिंह को सौंपी गई है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।




