ललित टॉकीज के पास मिले बुजुर्ग की मौत, हार्ट अटैक की आशंका
ललितपुर। कोतवाली सदर क्षेत्र के नझाई बाजार स्थित ललित टॉकीज के नीचे एक किराना दुकान के सामने रविवार शाम अचेत अवस्था में मिले बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के दतिया निवासी रज्जन प्रसाद जोशी के रूप में हुई है। परिजनों ने उनकी मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी अनुसार रविवार शाम करीब सात बजे नझाई बाजार स्थित वैशाली स्टोर के सामने लोगों ने एक बुजुर्ग को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। काफी देर तक शरीर में कोई हलचल न होने पर स्थानीय लोगों ने डायल-108एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सूचना के बाद कुछ समय तक न तो एम्बुलेंस पहुंची और न ही पुलिस। बाद में सदर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की सहायता से बुजुर्ग को जिला मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर मृतक के पास से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान मध्य प्रदेश के दतिया जनपद के मोहल्ला सिंघलपुरा, रेलवे स्टेशन के पास निवासी 60 वर्षीय रज्जन प्रसाद जोशी पुत्र दयाराम जोशी के रूप में हुई। उनके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ, जिसके माध्यम से परिजनों को सूचना दी गई।
मृतक के छोटे भाई कैलाश ने बताया कि रज्जन प्रसाद प्रत्येक शनिवार को शनिदेव की मूर्ति तेल में रखकर भिक्षा मांगने के लिए दतिया से ललितपुर आते थे। उन्होंने बताया कि रज्जन प्रसाद पूर्व में अपनी पत्नी के साथ ललितपुर स्थित उनकी ससुराल में रहते थे। उनकी पत्नी और दोनों पुत्रों का पहले ही निधन हो चुका है। कैलाश के अनुसार वह शनिवार को दतिया से ललितपुर आए थे, लेकिन रविवार को उनकी अचानक मौत हो गई।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि रज्जन प्रसाद लंबे समय से सीने में दर्द की समस्या से पीड़ित थे, जिसके चलते हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।




