शिक्षक की आत्महत्या के बाद बेटे ने पूर्व एसपी समेत कई पर लगाए गंभीर आरोप
ललितपुर। बार थाना क्षेत्र के ग्राम चिगलौआ निवासी दिवंगत शिक्षक राजाराम गोस्वामी की आत्महत्या के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। शुक्रवार को मृतक के पुत्र अनुराग गोस्वामी अपने समर्थकों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और आरोपितों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। उनका आरोप है कि मुकदमा दर्ज न होने से परिवार को न्याय नहीं मिल रहा है।
शिकायती पत्र में अनुराग ने तत्कालीन पुलिस अधीक्षक (सेवानिवृत्त) सहित कई लोगों पर पिता को झूठे एससी/एसटी एक्ट के मुकदमे में फंसाने, मानसिक रूप से प्रताड़ित करने, झूठी गवाही दिलाने और पांच लाख रुपये की अवैध मांग करने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि लगातार अपमान और मानसिक दबाव से आहत होकर उनके पिता ने आत्महत्या की। उन्होंने दावा किया कि आत्महत्या से पूर्व राजाराम गोस्वामी ने पुलिस अधीक्षक, थाना बार और न्यायालय के नाम लिखित नोट छोड़े हैं, जिनमें कथित उत्पीड़न का उल्लेख है। परिजनों ने नोटों के आधार पर सभी आरोपितों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है।




