खेत में काम करते किसान की करंट लगने से मौत
ललितपुर के सौजना गांव में हुई घटना, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव ललितपुर जिले के सौजना थाना क्षेत्र में एक किसान की खेत में काम करते समय करंट लगने से मौत हो गई। घटना सोमवार सुबह सौजना गांव में हुई।
मृतक की पहचान 35 वर्षीय सुकदयाल कुशवाहा के रूप में हुई है। सुकदयाल सुबह करीब 8 बजे अपने खेत पर काम कर रहे थे, तभी अचानक खेत में करंट दौड़ गया, जिससे वह गिर पड़े।
परिजनों ने तुरंत सुकदयाल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर किया गया, लेकिन ललितपुर ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
सुकदयाल के पिता काशी तनय तुलसी कुशवाहा ने सौजना थानाध्यक्ष को दिए पत्र में घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ललितपुर भेज दिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।




