खितवास में घर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन छत पर गिरी, मासूम सुधारते दिखे विद्युत लाइन
खितवास में घर की छत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट लाइन का आरोप, ग्रामीण ने बिजली विभाग को दी शिकायत
महरौनी। थाना महरौनी क्षेत्र की ग्राम पंचायत खितवास निवासी अरविंद कुमार ने बिजली विभाग को लिखित शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि उनके घर की छत के ऊपर से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही है, जिसे उन्होंने पूरी तरह अवैध बताया है।
शिकायत के अनुसार, हाल ही में तेज हवा और बारिश के दौरान रात करीब 10 बजे हाईटेंशन लाइन टूटकर उनके मकान की छत पर गिर गई। उस समय परिवार के सदस्य छत पर मौजूद नहीं थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल पावर हाउस पर फोन कर बिजली आपूर्ति बंद कराई।
अरविंद कुमार का कहना है कि यदि समय रहते बिजली आपूर्ति बंद नहीं होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने बिजली विभाग से तत्काल लाइन को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कराने और उचित कार्रवाई की मांग की है।




