पुलिस ने किया खुलासा !! सड़क दुर्घटना में आई चोट को महिला ने बताया था मारपीट, दुर्घटना का सीसीटीवी वीडियो जारी
दिनांक 14.07.2026 को थाना जखौरा क्षेत्र के ग्राम बांसी में नल से पानी भरने को लेकर दो पक्षों के मध्य वाद-विवाद हुआ था, जिसके संबंध में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु दोनों पक्षों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक निरोधात्मक कार्यवाही अमल में लाई गई थी।
इसके उपरांत सोशल मीडिया पर एक महिला द्वारा चौकी बांसी पुलिस पर उसके साथ मारपीट किए जाने संबंधी आरोप लगाए गए, जिसके सम्बन्ध में की गई जांच से यह तथ्य प्रकाश में आये हैं कि संबंधित महिला श्रीमती पार्वती पत्नी जगदीश उम्र करीब 60 वर्ष नि0ग्राम बांसी थाना जखौरा जनपद ललितपुर को जो चोटें आई हैं वह तालबेहट जाते समय मोटरसाइकिल से गिरने के कारण आई थीं। उक्त सड़क दुर्घटना का सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध है, जिसमें उनका मोटरसाइकिल से गिरना स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उल्लेखनीय है कि चौकी बांसी पुलिस द्वारा श्रीमती पार्वती के विरुद्ध किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की गई है । बल्कि शांति भंग की आशंका में कानून-व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए उक्त महिला की पुत्री के विरुद्ध नियमानुसार निरोधात्मक कार्यवाही की गयी थी, जिसको लेकर महिला द्वारा चौकी बांसी पुलिस पर मारपीट के लगाए गए आरोप पूर्णतः असत्य, निराधार एवं मनगढंत पाए गए हैं।




