व्हाट्सएप पर आई एपीके फाइल बनी मुसीबत, डाउनलोड करते ही खाते से उड़ गए 7.03 लाख रुपये
परिचित के नंबर से भेजी गई संदिग्ध फाइल से साइबर ठगी
अज्ञात जालसाजों पर मुकदमा दर्ज, पुलिस ने लोगों को किया सतर्क
ललितपुर। जनपद में साइबर अपराधियों ने ठगी का नया तरीका अपनाते हुए एक व्यक्ति के बैंक खाते से 7 लाख 3 हजार रुपये उड़ा दिए। ठगों ने पीड़ित के एक परिचित के व्हाट्सएप नंबर से संदिग्ध एपीके फाइल भेजी। जैसे ही पीड़ित ने उसे डाउनलोड किया, साइबर अपराधियों ने मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लिया और कुछ ही दिनों में बैंक खाते से लाखों रुपये निकाल लिए। मामले की शिकायत पर साइबर क्राइम पुलिस थाना ललितपुर ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिविल लाइन रेलवे स्टेशन के पास मकान नंबर-422 निवासी महेंद्र कुमार अग्निहोत्री पुत्र स्व. भोगीराम अग्निहोत्री ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया कि करीब दो माह पहले उनके परिचित एडवोकेट चाली यादव के व्हाट्सएप नंबर से उनके मोबाइल पर एक एपीके फाइल प्राप्त हुई थी। परिचित का नंबर होने के कारण उन्होंने उसे सुरक्षित समझकर डाउनलोड कर लिया।




