तेज बारिश के चलते बिरधा कस्बे में राधा-कृष्ण मंदिर के पास से निकला नाला उफान पर
बिरधा। बुधवार रात हुई तेज बारिश के चलते बिरधा कस्बे में राधा-कृष्ण मंदिर के पास से निकला नाला उफान पर आ गया। नाले का पानी आंबेडकर नगर मोहल्ले की गलियों में भर गया, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 9 बजे से बारिश शुरू हुई, जो देर रात करीब 3 बजे तक होती रही। बारिश के बाद नाले में करीब दो फीट तक पानी उफान पर पहुंच गया और उसका पानी आंबेडकर नगर मोहल्ले की गलियों में भर गया। गुरुवार सुबह करीब 6 बजे तक भी गलियों में पानी भरा रहा।
ग्रामीणों का कहना है कि नाले में पानी का तेज बहाव होने के कारण बारिश के दौरान स्थिति और बिगड़ जाती है। यदि दोबारा तेज बारिश हुई तो नाला फिर से उफान पर आ सकता है और मोहल्ले की गलियों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो सकती है। ग्रामीणों ने जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए नाले की उचित सफाई और जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।




