12 दिसंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, आपसी समझौते से होगा मुकदमों का निस्तारण
जनपद न्यायाधीश ने की जनसामान्य से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील
ललितपुर। जनपद न्यायालय सहित जिले की समस्त न्यायालयों एवं अधिकरणों में 12 दिसंबर 2026 (शनिवार) को सुबह 10 बजे से राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश राजीव कुमार-III ने जनपदवासियों से लोक अदालत में पहुंचकर अपने वादों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराने की अपील की है।
राष्ट्रीय लोक अदालत में मोटर दुर्घटना दावा, पारिवारिक विवाद, चेक बाउंस, बैंक ऋण वसूली, श्रम विवाद, बिजली-पानी के मामले, राजस्व वाद, यातायात चालान और आपराधिक शमनीय मामलों सहित विभिन्न वादों का निस्तारण किया जाएगा।
खास बात यह है कि लोक अदालत में निस्तारित मामलों में न्यायालय शुल्क वापस किया जाता है। साथ ही पक्षकारों को कम खर्च में त्वरित और स्थायी समाधान मिलता है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से 12 दिसंबर को सुबह 10 बजे जनपद न्यायालय पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।




