नगर पालिका का निरीक्षण अभियान, वार्ड-15 में समस्याओं का मौके पर निस्तारण

ललितपुर। शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए चल रहे अभियान के तहत नगर पालिका अध्यक्ष सोनाली जैन (अभिलाषा) ने वार्ड पार्षद एड. मनमोहन चौबे के साथ गांधीनगर वार्ड-15 का निरीक्षण किया। ओवरब्रिज के नीचे गंदगी मिलने पर नाराजगी जताते हुए तत्काल सफाई के निर्देश दिए गए। चौक नालियों, क्षतिग्रस्त चैम्बरों और सड़कों की मरम्मत का कार्य मौके पर ही शुरू कराया गया।
चंडी मंदिर के पीछे नई सड़क पर नालियां न बनाए जाने पर अध्यक्ष ने अवर अभियंता को ठेकेदार को तुरंत सुधार कार्य के निर्देश देने को कहा। श्मशान मार्ग पर जल निगम द्वारा खोदी गई सड़क के गड्ढे ठीक कराने के आदेश भी जारी किए गए। निरीक्षण के दौरान कई छोटी-छोटी समस्याओं का वहीं पर समाधान कराया गया। मोहल्लेवासियों ने अध्यक्ष के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया। अभियान में नगरपालिका और जल निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।



