खाली पड़े प्लाट पर जबरन कब्जा करने का आरोप
पीडि़त ने कोतवाली पुलिस को दिया शिकायती पत्र
ललितपुर। शहर क्षेत्र के मोहल्ला चौकाबाग रावतयाना में रहने वाले पीयूष रैकवार पुत्र स्व.बालचंद्र रैकवार ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर दबंगों द्वारा उसकी जमीन पर जबरन अवैध कब्जा करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस को दी तहरीर में पीयूष ने बताया कि उसका रावतयाना बाईपास हाई-वे रोड पर एक प्लाट जो कि 100 वाई 52 का है, जिसका नम्बर 6509 व 6510 है। पीडि़त ने बताया कि उक्त जमीन उसकी पैतृक सम्पत्ति है। इस जमीन पर नेहरू महाविद्यालय के गेट नं. 2 के सामने रहने वाले दबंग जबरन कब्जा कर रहे हैं। आरोप है कि रविवार को उक्त लोगों ने उसके प्लाट पर जाकर जबरन बोर करा दिया है, जब उसने अपने प्लाट पर उक्त लोगों से बोर कराने से मना किया तो उक्त लोगों ने उसे गालियां देते हुये मारपीट पर आमादा हो गये और जान से मारने की धमकी दी। पीडि़त ने बताया कि चार अज्ञात बदमाशों ने उसे दौड़ाकर मारने का प्रयास किया। पीडि़त ने बताया कि उक्त लोग जमीन पर अवैध कब्जा कर उसकी बाउण्ड्रीबाल पर अपना नाम लिखवा दिया है, जससे वह काफी परेशान है। पीडि़त ने पुलिस से मामले में जांच कर कार्यवाही किये जाने की मांग उठायी है।




