खेतों में भड़की भीषण आग, ग्रामीणों की तत्परता से टला बड़ा हादसा
महरौनी, ललितपुर।
महरौनी नगर के समीप स्थित ग्राम निवारी में उस समय हड़कंप मच गया, जब क्योलारी बांध की नहर के पास खाली खेतों में पड़ी पराली में अचानक भीषण आग लग गई। तेज हवा के चलते आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और कई एकड़ क्षेत्र में फैल गई।
आग की लपटों को बढ़ता देख आसपास के किसानों की चिंता बढ़ गई, क्योंकि कुछ ही दूरी पर गेहूं की फसल काटकर खेतों में एकत्रित कर रखी गई थी। स्थिति गंभीर होते देख ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए एकजुट होकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
ग्रामीणों की सूझबूझ, साहस और अथक प्रयासों के चलते काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा नुकसान टल गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही महरौनी कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास की सराहना करते हुए आपसी सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।




