उत्तर प्रदेश

बाजार जा रहे युवक को पीछे से अपाचे बाइक ने मारी टक्कर, मौत

 

तालबेहट में पंजाब नेशनल बैंक के पास हादसा

सिर में गंभीर चोट लगने से 27 वर्षीय शिवम दुबे ने तोड़ा दम

दो नामजद समेत तीन के खिलाफ केस

ललितपुर। थाना तालबेहट क्षेत्र में मंगलवार शाम तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। पंजाब नेशनल बैंक के पास बाजार जा रहे बाइक सवार युवक को पीछे से आई काली अपाचे मोटर साइकिल ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोट आई। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर दो नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। ग्राम मऊ रजावन, तालबेहट निवासी अवधशरण पुत्र रामेश्वर प्रसाद का 27 वर्षीय भाई शिवम दुबे पुत्र पुरुषोत्तम दुबे 6 अक्टूबर की शाम करीब 7.30 बजे अपनी मोटरसाइकिल संख्या यू.पी. 94 क्यू 4526 से बाजार जा रहा था। बताया गया कि शिवम जैसे ही पंजाब नेशनल बैंक, तालबेहट के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रही काली अपाचे मोटर साइकिल के चालक ने वाहन को कथित तौर पर तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए शिवम की बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से शिवम सड़क पर गिर गया और उसके सिर में गंभीर चोट आई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल शिवम को उपचार के लिए सीएचसी तालबेहट ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में शिवम की मोटर साइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। मृतक के भाई अवधशरण की तहरीर पर पुलिस ने पूराकलां के ग्राम विजयपुरा निवासी अवधेश पुत्र लक्ष्मण कुशवाहा व राजेन्द्र पुत्र ठाकुरदास और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 125(बी) एवं 106(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!