टीकमगढ़ सड़क हादसे में गिरार क्षेत्र के दो युवकों की मौत
ललितपुर। जिले के थाना गिरार क्षेत्र के दो युवकों की मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी अनुसार शुक्रवार शाम टीकमगढ़-सागर हाईवे पर बड़ागांव थाना क्षेत्र स्थित मोहन ढाबा के पास दादे रैकवार और भरोसी रैकवार बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल बड़ागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। बताया गया है कि दोनों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिससे हादसे में उन्हें घातक चोटें लगीं। घटना के लगभग तीन घंटे बाद दोनों मृतकों की शिनाख्त दादे रैकवार और भरोसी रैकवार निवासी थाना गिरार क्षेत्र, जनपद ललितपुर के रूप में हुई।
बड़ागांव थाना प्रभारी जयंत सोनी ने बताया कि हादसा शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे हुआ था। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम छा गया।




