बार यात्री प्रतीक्षालय बना शराबियों का अड्डा
ललितपुर जिले के बार कस्बे का मुख्य यात्री प्रतीक्षालय इन दिनों शराबियों का अड्डा बन गया है। यहां दिनभर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे यात्रियों, महिलाओं, बुजुर्गों और श्रद्धालुओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
प्रतीक्षालय परिसर में शराब के खाली पाउच और अन्य कचरा फैला रहता है, जिससे गंदगी का आलम है। स्थानीय निवासियों ने इस स्थिति पर चिंता व्यक्त की है।
स्थानीय निवासी कक्कू सहरिया ने बताया कि प्रतीक्षालय के समीप ही शबरी मंदिर स्थित है। इसके बावजूद यहां दिनभर शराबियों का जमघट लगा रहता है, जिससे मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है।
वहीं, कैलाश सहरिया ने जानकारी दी कि शाम होते ही प्रतीक्षालय में शराबियों का डेरा जम जाता है। सुबह जब लोग वहां पहुंचते हैं तो चारों ओर बिखरे शराब के पाउच और गंदगी पिछली रात की स्थिति बयां करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस समस्या पर न तो प्रशासन का ध्यान है और न ही जनप्रतिनिधियों का।




