उत्तर प्रदेशक्राइमराजनीतिराज्य

सेवानिवृत्त शिक्षक के सुसाइड मामले में तत्कालीन एसपी एल.वी. एंटनी सहित छह पर केस दर्ज

सेवानिवृत्त शिक्षक के सुसाइड मामले में तत्कालीन एसपी सहित छह पर केस दर्ज

 

ललितपुर। बार ब्लॉक के ग्राम चिकलौआ निवासी 78 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक राजाराम गोस्वामी की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने तत्कालीन पुलिस अधीक्षक एल.वी. एंटनी देवकुमार सहित छह लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 व 308(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। कार्रवाई की मांग को लेकर शुक्रवार को करीब 40 गांवों के 200 से अधिक ग्रामीण और परिजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी करते हुए दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से भी इनकार कर दिया था।

बताया गया कि राजाराम गोस्वामी ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली थी। उनके पास से न्यायाधीश, पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी बार के नाम तीन सुसाइड नोट बरामद हुए हैं। इनमें वर्ष 2002 में दर्ज एक कथित फर्जी एससी/एसटी मुकदमे, अपमान और लंबे समय से चले आ रहे मानसिक उत्पीड़न का उल्लेख किया गया है। मृतक के पुत्र अनुराग गोस्वामी का आरोप है कि 24 वर्षों से चले आ रहे उत्पीड़न से आहत होकर उनके पिता ने यह कदम उठाया।

 

पुलिस ने तहरीर के आधार पर तत्कालीन एसपी एल.वी. एंटनी देवकुमार के अलावा गोकुल प्रसाद, कामता प्रसाद, देवेंद्र कुमार, गुलाब और छोटेलाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और विधिक कार्रवाई का भरोसा दिया है। मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!