अवैध कब्जा हटाने व परिवार की सुरक्षा की मांग को लेकर ग्रामीण जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर आमरण अनशन पर बैठा
ललितपुर। जनपद के थाना बार क्षेत्र के ग्राम सेमराडांग, तहसील तालबेहट निवासी दुरजुवा पुत्र बल्देव अहिरवार ने कथित रूप से सामंतवादी लोगों द्वारा भूमि पर अवैध कब्जा किए जाने, अनुसूचित जाति के लोगों पर अन्याय एवं अत्याचार तथा भूमि हड़पने के प्रयास का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर आमरण अनशन शुरू कर दिया है।
दुरजुवा का कहना है कि उसकी भूमि पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है और उसके परिवार को लगातार परेशान किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि अवैध कब्जा तत्काल हटवाया जाए, अनुसूचित जाति के लोगों पर हो रहे कथित अत्याचारों पर प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा उनकी भूमि और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
अनशन पर बैठे दुरजुवा ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक वह अपना आमरण अनशन जारी रखेंगे।




