एसपी के निर्देश पर ताबड़तोड़ दबिश, कई गंभीर मामलों के आरोपी पहुंचे सलाखों के पीछे
*तालबेहट में पुलिस का ‘ऑपरेशन वारंटी’ सफल, एक दिन में 12 गिरफ्तार फरार आरोपियों में मचा हड़कंप”*
तालबेहट/ललितपुर:- जिले में अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत तालबेहट पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में 12 वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में लंबे समय से गैर-जमानती वारंट (NBW) पर फरार चल रहे आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई।
प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार वर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने सुबह से ही कस्बे और ग्रामीण क्षेत्रों में एक साथ दबिश दी। अभियान के दौरान मारपीट, बलवा, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न मामलों में वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से फरार आरोपियों में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए कई आरोपियों के खिलाफ न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट (NBW) लंबे समय से लंबित थे। अभियान के दौरान सभी वारंटियों को नियमानुसार गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूरी की गई।
*23 पुलिसकर्मियों ने संभाला मोर्चा*
इस विशेष अभियान में प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार वर्मा के साथ उपनिरीक्षक विकास, रमेश, दुर्गा प्रसाद, शिवजीत सिंह, बलराम सिंह सहित कुल 23 पुलिसकर्मियों ने अलग-अलग टीम बनाकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
*तालबेहट कोतवाली पुलिस का संदेश*
तालबेहट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कोतवाली तालबेहट क्षेत्रों में अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। न्यायालय से वारंट जारी होने के बाद फरार चल रहे किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।




