दिव्यांग व अनाथ बच्चों के साथ राठौर समाज ने मनाया रक्षाबंधन का पर्व
राठौर समाज ने मदर टेरेसा होम में मनाया रक्षाबंधन
दिव्यांग व अनाथ बच्चों को बांटी मिठाइयां
बच्चों के साथ पर्व मनाकर समाजसेवा का लिया संकल्प, सिस्टरों की निस्वार्थ सेवा की सराहना
ललितपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जिला राठौर समाज के मंत्रिमंडल ने पनारी स्थित मदर टेरेसा होम पहुंचकर वहां रह रहे अनाथ, दिव्यांग एवं विशेष बच्चों के साथ रक्षाबंधन का पर्व सादगी और आत्मीयता के साथ मनाया। समाज के पदाधिकारियों ने बच्चों के बीच समय बिताकर उन्हें अपनत्व का एहसास कराया और उनके साथ खुशियां साझा कीं।इस दौरान बच्चों को फल, बिस्कुट, मिठाइयां, राखियां एवं वस्त्र वितरित किए गए। बच्चों के साथ रक्षाबंधन मनाते हुए समाज के सदस्यों ने इसे आत्मीय और भावुक अनुभव बताया। बच्चों की स्थिति देखकर उपस्थित लोगों के मन में संवेदना भी उत्पन्न हुई। कई बच्चे स्वयं चलने, बैठने और खड़े होने में असमर्थ हैं, जिनकी देखभाल मदर टेरेसा होम की बहनों (सिस्टरों) द्वारा पूरी निष्ठा और सेवा भाव से की जा रही है।राठौर समाज के पदाधिकारियों ने होम में बच्चों की देखभाल और सेवा में जुटी सिस्टरों के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज का दायित्व केवल सामाजिक आयोजनों तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद और असहाय लोगों की सहायता करना भी समाजसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस दौरान मंत्रिमंडल के सदस्यों ने भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में समाज जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर राठौर, महामंत्री नीलेश राठौर, कोषाध्यक्ष अरविंद राठौर बैट्री, उपाध्यक्ष इं.सुंदर सिंह राठौर, रतनलाल राठौर डोगरा, जिला प्रभारी विनोद राठौर मुनीम, रविशंकर राठौर पूर्व पार्षद, संतोष राठौर (जड़ी-बूटी), जिला ऑडिटर रघुवीर राठौर रामनगर, रामदास राठौर अस्टोन, मोहन लाल राठौर, रोहित राठौर पूर्व पार्षद सहित समाज के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य प्रमुख रूप से मौजूद रहे।




