गोरखपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में महिला यात्री का मोबाइल चोरी
भोपाल स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते समय भीड़ का फायदा उठाकर वारदात
ललितपुर जीआरपी ने अज्ञात चोर के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
ललितपुर। ट्रेनों में यात्रियों के सामान की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। गोरखपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12590) में सफर के दौरान एक महिला यात्री का मोबाइल फोन चोरी हो गया। बताया जा रहा है कि भोपाल रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के जनरल कोच में चढ़ते समय भारी भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात चोर ने महिला के हाथ से मोबाइल पार कर दिया। शिकायत पर ललितपुर जीआरपी ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जीआरपी में दर्ज शिकायत के अनुसार मध्य प्रदेश के जिला टीकमगढ़ अंतर्गत पुरानी टेहरी, पावर हाउस के पास निवासी कु.प्रतिक्षा सिंह कुर्मी पुत्री जाहर सिंह ने बताया कि वह बीती 28 अगस्त 2026 को भोपाल से ललितपुर आने के लिए गोरखपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में सवार हो रही थीं। घटना दोपहर करीब 3.36 बजे भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-2 पर हुई। प्रतिक्षा सिंह कुर्मी ट्रेन के जनरल कोच में चढ़ रही थीं। इसी दौरान कोच में यात्रियों की भारी भीड़ और धक्का-मुक्की के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके हाथ से मोबाइल फोन चोरी कर लिया। ट्रेन में चढऩे के बाद महिला को मोबाइल गायब होने की जानकारी हुई। उन्होंने काफी तलाश की, लेकिन मोबाइल का कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने घटना की सूचना जीआरपी को दी। प्रतीक्षा के अनुसार चोरी हुआ मोबाइल वीवो व्ही-40 एंड्रॉयड फोन था। उसमें जियो कंपनी की सिम लगी हुई थी। पुलिस को दी गई शिकायत में मोबाइल का आईएमईआई नंबर भी उपलब्ध कराया गया है। घटना के बाद उसने ललितपुर पहुंचकर जीआरपी थाना ललितपुर में लिखित तहरीर दी और अज्ञात चोर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ललितपुर जीआरपी पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(सी) के तहत एफआईआर दर्ज की है। मामला जीआरपी अनुभाग झांसी के अंतर्गत थाना ललितपुर में दर्ज किया गया है। पुलिस ने चोरी गए मोबाइल के विवरण के आधार पर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मामले की अग्रिम विवेचना निरीक्षक दिनेश सिंह परिहार द्वारा की जा रही है। पुलिस रेलवे स्टेशन और ट्रेन में लगे संभावित सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।




