बड़ी से बड़ी समस्या का भी सुगमता से है समाधान: मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे, सम्मान समारोह आयोजित
झांसी मंडल के मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे के उत्कृष्ट कार्यकाल को सम्मान देने के लिए ललितपुर जिला प्रशासन द्वारा एक भव्य एवं गरिमामयी विदाई सम्मान समारोह का आयोजन कलैक्ट्रेट सभागार में किया गया, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न व्यापारिक संगठन, स्वयंसेवी संगठन व आमजन की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी सत्य प्रकाश, पुलिस अधीक्षक श संजीव कुमार बाजपेई और मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान द्वारा मंडलायुक्त को बुके भेंट कर आत्मीय स्वागत के साथ हुई। समारोह में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और प्रबुद्ध जनों ने मंडलायुक्त के साथ बिताए अपने अनुभवों को साझा किया।अपने विदाई संबोधन में भावुक होते हुए मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने कहा कि प्रशासनिक कार्यकाल में जनसामान्य की ऐसी कोई समस्या नहीं है जिसका समाधान न हो। उन्होंने अधिकारियों को मूलमंत्र दिया कि ‘‘उस व्यक्ति के प्रति हमेशा संवेदनशीलता रखें, जिसका काम कहीं नहीं हो रहा हो।’’
उन्होंने जिलाधिकारी सत्य प्रकाश द्वारा जनपद के आदिवासी, गरीब और वंचित बच्चों के दस्तावेज बनवाने, उनकी शिक्षा व मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की और इसे अन्य अधिकारियों के लिए प्रेरणा बताया। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपनी शासकीय सेवा के साथ-साथ अपने निजी पैशन को भी कभी न छोड़ने की सलाह दी।
जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने मंडलायुक्त से मिले मार्गदर्शन पर बिंदुवार चर्चा की। उन्होंने कहा कि मंडलायुक्त हमेशा अपने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को आगे रखते हैं। झांसी स्मार्ट सिटी, ललितपुर एसआईआर और मुख्यमंत्री जी के आगमन की व्यवस्थाओं में मिले सहयोग और अनुभवों को साझा करते हुए जिलाधिकारी भावुक हो गए।
मंडलायुक्त की धर्मपत्नी ने जिला प्रशासन को अपना परिवार बताते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मंडलायुक्त के शुरुआती जीवन, प्रशासनिक सेवा में आने के सफर और पैतृक शहर के संस्मरण साझा किए। इस दौरान वे दोनों बेहद भावुक नजर आए।जिलाधिकारी की धर्मपत्नी ने मंडलायुक्त की धर्मपत्नी द्वारा मंडलीय आकांक्षा हाट खोलने सहित ललितपुर में दिए गए विशिष्ट योगदान की चर्चा की।




